WRD Special: नमस्कार, आप सुन रहे हैं...रेडियो मोगीनंद; जानिए इसकी खासियत


नाहन (सिरमौर), राजन पुंडीर। शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल के नाम एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है। प्रदेश का पहला शैक्षणिक रेडियो स्टेशन सिरमौर के मोगीनंद स्कूल से 14 फरवरी को शुरू होगा। बड़ी बात यह है कि यह प्रदेश का पहला और देश का छठा रेडियो स्टेशन होगा।
रेडियो स्टेशन का नाम हेलो मोगीनंद होगा। इसके कार्यक्रम 24 घंटे प्रसारित होंगे। इसका दायरा 300 मीटर तक होगा। रेडियो स्टेशन में दसवीं, जमा एक व जमा दो के छात्रों को जो विषय पढ़ाए जाएंगे, वह रिकॉर्ड कर रेडियो स्टेशन पर भी सुने जा सकते हैं। जो छात्र स्कूल में अनुपस्थित रहे होंगे, वे इसका प्रसारण सुनकर पढ़ाई कर सकते हैं। हेलो मोगीनंद के लिए मोबाइल एप तैयार किया जा रहा है। एप से छात्र व अन्य लोग कार्यक्रम सुन सकेंगे। रेडियो स्टेशन पर विज्ञापन भी प्रसारित होंगे। विज्ञान प्रवक्ता संजीव अत्री। 
छात्रों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
मोगीनंद में छठी से बारहवीं तक 550 छात्र पढ़ते हैं। स्कूल के 14 छात्र हेलो मोगीनंद शैक्षणिक रेडियो स्टेशन को चलाएंगे। इन छात्रों को छह महीने तक रेडियो जॉकी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुंबई की कंपनी से टाईअप
स्कूल के विज्ञान प्रवक्ता संजीव अत्री ने बताया कि वह आकाशवाणी शिमला से जुड़े रहे हैं। इस कारण उन्होंने रेडियो स्टेशन स्थापित करने का प्रयास किया। इसके लिए मुंबई की कंपनी से टाईअप किया है। रेडियो के लिए एक वर्ष की 18000 फीस उन्होंने दी है। अगले वर्ष विज्ञापन से फीस एकत्रित करेंगे।
देसी स्टूडियो हो रहा तैयार
शैक्षणिक रेडियो स्टेशन के लिए इन दिनों स्कूल के एक भवन में देसी स्टाइल में स्टूडियो तैयार किया जा रहा है। माइक की आवाज स्टूडियो से बाहर न जाए, इसके लिए अंडे की खाली ट्रे से स्टूडियो को कवर किया जा रहा है।
जागरूक भी करेगा रेडियो
रेडियो पर समाज कल्याण, जल संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व पर्यावरण संरक्षण के बारे में भी बताया जाएगा। स्वच्छता व नशे को लेकर जागरूक किया जाएगा। प्रतिदिन किसी अधिकारी का संदेश प्रसारित होगा।

स्रोत और श्रेय :- http://bit.ly/2Sm3hgZ
द्वारा अग्रेषित :- श्री. श्री. झावेंद्र कुमार ध्रुव
jhavendra.dhruw@gmail.com

Subscribe to receive free email updates: